पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, कुल्हाड़ी से सिर फोड़ा; आधा दर्जन से ज्यादा आरोपियों की तलाश

पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नमी झालर जनवार में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को रास्ते में घेरकर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का जिला अस्पताल पन्ना में उपचार जारी है।

दुकान जाते समय रास्ते में घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार ग्राम नमी झालर निवासी 30 वर्षीय बाबूलाल यादव अपनी किराना दुकान जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते के दोनों ओर झाड़ियों में पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले के कारण बाबूलाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आरोपी लगातार उन पर वार करते रहे।

सिर पर कुल्हाड़ी से हमला, शरीर पर लाठियों से वार

हमलावरों ने बाबूलाल के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गहरा घाव होने के कारण करीब 15 टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों ने लाठियों से भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

मां के शोर मचाने पर भागे आरोपी

घटना के समय बाबूलाल की मां भी उसी रास्ते से गुजर रही थीं। बेटे को खून से लथपथ देखकर उन्होंने शोर मचाया और ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

डायल-112 ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुरानी रंजिश को माना जा रहा हमले का कारण

कोतवाली पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *