मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। दसईपुर के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। चालक और उसके सहयोगी ने समय रहते ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
NH-30 पर चलते ट्रक में अचानक लगी आग
मैहर कोतवाली क्षेत्र के दसईपुर के पास बुधवार रात करीब 8:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कटनी की ओर जा रहे एक मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक के पिछले पहियों में रगड़ से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली, जो देखते ही देखते पूरे वाहन में फैल गई।
अन्य वाहन चालकों ने समय रहते किया सतर्क
हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने ट्रक से धुआं और लपटें निकलती देख चालक को इशारा कर वाहन रुकवाया। सूचना मिलते ही चालक और उसका सहयोगी तुरंत ट्रक से नीचे उतर गए, जिससे उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते आग की चपेट में आया पूरा ट्रक
चालक और स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद चालक ने डायल-112 पर सूचना दी।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जल चुका था और वाहन को भारी नुकसान हुआ।
कुछ देर के लिए लगा जाम
आग लगने की घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रक के सड़क पर खड़े होने और राहत कार्य के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस और दमकल की टीम ने स्थिति सामान्य कराई।