मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनार से लदा ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकरा गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बरहिया के पास तड़के हुआ हादसा
मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बरहिया के पास गुरुवार तड़के यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के हंडिया थाना क्षेत्र के आसेपुर निवासी नूर अहमद (34) पिता शकील अहमद अनार से भरा ट्रक लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराया।
केबिन में फंसे चालक, रेस्क्यू के बाद अस्पताल पहुंचाया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक नूर अहमद केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही नादन देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल चालक का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। उपचार के दौरान नूर अहमद की मौत हो गई। हादसे में ट्रक का खलासी सुरक्षित बच गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।