मंडला। डिजिटल डेस्क
मंडला में गुरुवार सुबह महाराजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास चलती वेन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वेन धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक लगी आग
पुलिस के मुताबिक अक्षय पटेल की रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहन मैकेनिक की दुकान है। गुरुवार सुबह वह वेन से अपनी दुकान की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक वेन में आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और वेन क्रमांक MP 20 BA 1657 जलने लगी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बुझाई आग
वेन में आग लगने की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास कोई बड़ी घटना नहीं हुई। आग की लपटें देखकर मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में वेन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
आग बुझने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।