प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा दौरे के दौरान राज्य को 14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। एक ओर उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाई, वहीं दूसरी ओर रेलवे, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
हाइड्रोजन ट्रेन के अलावा प्रधानमंत्री ने करीब 14,700 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनका उद्देश्य हरियाणा में कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं को मजबूत करना है।
जींद मेडिकल कॉलेज और रेलवे स्टेशन को मिली नई पहचान
प्रधानमंत्री ने जींद मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जींद रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं और रेलवे सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कुरुक्षेत्र में भी कई बड़ी घोषणाएं
हरियाणा दौरे के दौरान पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी, जिसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
हरित विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार आधुनिक परिवहन, स्वच्छ ऊर्जा और मजबूत आधारभूत ढांचे के जरिए विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम कर रही है। हाइड्रोजन ट्रेन और अन्य परियोजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू, पीएम मोदी ने जींद से किया शुभारंभ