राम मंदिर के चंदे में कथित हेराफेरी की जांच के बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अपनी केंद्रीय प्रबंधन समिति (Central Management Committee) की बैठक अयोध्या के बजाय नई दिल्ली में आयोजित करने का फैसला किया है। संगठन का कहना है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए बैठक का स्थान बदला गया है।
18 और 19 जुलाई को दिल्ली में होगी बैठक
VHP की केंद्रीय प्रबंधन समिति की बैठक अब 18 और 19 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होगी। सूत्रों के मुताबिक पहले इस बैठक में करीब 350 पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन अब प्रतिनिधियों की संख्या घटाकर लगभग 150 कर दी गई है। प्रत्येक प्रांत से प्रतिनिधियों की संख्या भी कम की गई है।
चंपत राय की मौजूदगी पर संशय
सूत्रों के अनुसार, VHP के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय बैठक में शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। संगठन की नजर 6 जुलाई को होने वाली श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आपात बैठक पर भी टिकी हुई है, जिसमें चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: SIT ने 8 घंटे की मैराथन जांच की, चंपत राय और अनिल मिश्रा से पूछताछ
VHP ने बैठक का स्थान बदलने की बताई वजह
VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि राम मंदिर चंदा मामले में SIT और पुलिस की जांच जारी है। इसी कारण केंद्रीय बैठक को अयोध्या से दिल्ली स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े।
6 जुलाई की ट्रस्ट बैठक पर सबकी नजर
6 जुलाई को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आपात बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट, संगठनात्मक बदलाव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति तथा चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों से जुड़े विषयों पर विचार किया जा सकता है। इस बैठक के फैसलों का असर आगे VHP की रणनीति पर भी पड़ सकता है। राम मंदिर चंदा विवाद के बीच VHP और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आगामी बैठकों पर देशभर की नजर है। जांच के बीच लिए जाने वाले फैसले संगठनात्मक व्यवस्था और ट्रस्ट के भविष्य के लिए अहम माने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: 5 साल का हिसाब खंगाल रही SIT, बढ़ सकती हैं चंपत राय की मुश्किलें