देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है और इसका असर अब कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों तक कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।
इन राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
दिल्ली, यूपी और उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर 40 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है।
मुंबई में रेड अलर्ट, जनजीवन प्रभावित
मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है।
लोगों के लिए IMD की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने, बिजली कड़कने के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में 5 जुलाई से अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सेंधवा में 206.1 मिमी, खातेगांव में 180 मिमी, कुंभराज में 150 मिमी, खिरकिया में 142.2 मिमी और राहतगांव में 117 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हरदा, खंडवा, दमोह, बालाघाट और अन्य जिलों में भी भारी बारिश हुई।
MP Weather Alert
- पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
- गरज-चमक और तेज हवाओं का भी अनुमान
- निचले इलाकों में जलभराव की आशंका
- लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
यह भी पढ़ें: Monsoon Alert: 18 राज्यों में भारी बारिश का खतरा, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट