मक्का बना गांजा तस्करी की ढाल! रीवा पुलिस ने 20 क्‍व‍िंटल खेप के साथ दो तस्करों को दबोचा

रीवा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मनगवां पुलिस ने मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही करोड़ों रुपये की गांजे की खेप पकड़ते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। रीवा जिले की मनगवां पुलिस ने शुक्रवार को ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 क्विंटल 30 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की। पुलिस के अनुसार यह खेप मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाई जा रही थी।

विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मनगवां बायपास स्थित ग्राम आंबी ओवरब्रिज के नीचे खड़े UP 63 T 3170 नंबर के ट्रक की घेराबंदी कर तलाशी ली। जांच के दौरान मक्के की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

दो आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार हरिजन (25), निवासी अटारी, थाना मनिहार, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) और सुनील कुमार कोल (35), निवासी अटारी, थाना मनिहार, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

4.61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्न सामग्री जब्त की—

  • 20 क्विंटल 30 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत लगभग 4.06 करोड़ रुपये)
  • ट्रक (UP 63 T 3170) (अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये)
  • मक्का दाना (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये)

कुल जब्ती का मूल्य लगभग 4 करोड़ 61 लाख रुपये आंका गया है।

स्थानीय तस्कर भी जांच के दायरे में

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से रीवा जिले, विशेषकर मनगवां क्षेत्र के कुछ स्थानीय तस्करों के भी तार जुड़े हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी स्थानीय व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में स्थानीय स्तर पर संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, डीआईजी, पुलिस अधीक्षक रीवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) तथा एसडीओपी मनगवां के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा एवं उनकी टीम ने की। पुलिस ने बताया कि अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *