कुएं में कूदकर महिला ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखी वाराणसी में अंतिम संस्कार की इच्छा

सतना जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर कस्बे में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। वार्ड क्रमांक-9 निवासी नीलू मिश्रा (40) ने घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

करीब 10 वर्ष पहले पति की सड़क हादसे में हुई थी मौत

परिजनों के अनुसार, नीलू मिश्रा के पति रविशंकर मिश्रा की लगभग दस वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। परिवार के मुताबिक वह अपने 12 वर्षीय इकलौते बेटे की अकेले देखभाल कर रही थीं।

कमरे से मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में महिला के कमरे की तलाशी ली, जहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में नीलू मिश्रा ने अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। सुसाइड नोट में उन्होंने वाराणसी में अंतिम संस्कार करने की इच्छा व्यक्त की है। साथ ही परिवार से अपने बेटे का ख्याल रखने का अनुरोध भी किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

सभापुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *