माइनिंग लीज क्षेत्र में मंदिर निर्माण का प्रयास, रोकने पहुंची पुलिस पर पथराव; 30 से अधिक पर केस

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र में कैमरी पहाड़ से लगी बैरिस्टर नगर बस्ती के ग्रामीण शुक्रवार दोपहर माइनिंग के लिए स्वीकृत करीब 56 एकड़ लीज क्षेत्र में स्थित एक टीले पर मंदिर निर्माण के लिए एकत्र हो गए। इसकी सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया। बताया गया कि टीम के समझाने के बावजूद कुछ लोग विरोध पर उतर आए। स्थिति बिगड़ती देख खनिज अमले ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अभय सिंह मौके पर पहुंचे।

अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा, लौटते समय हुआ पथराव

स्थिति तनावपूर्ण होने पर आरक्षक अभय सिंह ने कोटर थाने को सूचना दी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार काफी देर तक समझाइश के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।

जब पुलिस और खनिज विभाग की टीम वापस लौटने लगी तो कुछ लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस के अनुसार इस घटना में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई और वाहनों को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा।

5 नामजद समेत 30 से अधिक लोगों पर मामला दर्ज

आरक्षक अभय सिंह की शिकायत पर कोटर थाना पुलिस ने 5 नामजद और 30 से अधिक अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पथराव और गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, खनिज विभाग की ओर से भी कोटर थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने कही सख्त कार्रवाई की बात

कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *