दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू, आसपास के मकान भी कराए गए खाली
सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के कामता टोला इलाके में शुक्रवार दोपहर एक चार मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे ऊपरी मंजिल से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। इस दौरान दो बच्चे तीसरी मंजिल पर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तीसरी मंजिल पर फंसे थे दोनों बच्चे
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कामता टोला की है। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे तंबाकू कारोबारी रामनरेश गुप्ता के चार मंजिला मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में अचानक आग भड़क उठी।
आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण मकान में मौजूद दो बच्चे तीसरी मंजिल पर फंस गए। सूचना मिलने के बाद नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
फायरकर्मियों ने लिफ्टर की मदद से तीसरी मंजिल तक पहुंचकर दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मकान में मौजूद अन्य परिजन इससे पहले ही बाहर निकल चुके थे।
सिलेंडर बाहर निकाला, आसपास के मकान खाली कराए
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों ने मकान में मौजूद गैस सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर निकाला। इसी बीच मकान की दीवार में दरार दिखाई देने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए।
आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के कुछ मकानों को भी खाली कराया गया।
एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया मौके पर लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे। उन्होंने अनाउंसमेंट के जरिए लोगों से घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
रेस्क्यू के बाद बच्चों को अस्पताल भेजा
रेस्क्यू किए गए बच्चों और अन्य प्रभावित लोगों को तहसीलदार की गाड़ी से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उनका प्राथमिक परीक्षण कराया गया।
फिलहाल घटना में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
दो घंटे में आग पर पाया काबू
आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम की करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। फायरकर्मियों ने लगातार करीब दो घंटे तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझने के बाद भी टीम ने मकान और आसपास के क्षेत्र की स्थिति की जांच की, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
फायर ब्रिगेड, एमपीईबी और पुलिस की टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। मौके पर निगमायुक्त, महापौर, सीएसपी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में है। आग से मकान को हुए नुकसान का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।