शौच के लिए निकली 14 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव मिला, गांव में आक्रोश

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकली 14 वर्षीय बच्ची का अर्धनग्न शव कुछ घंटे बाद गांव से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।

शौच के लिए निकली थी बच्ची

घटना कोटर थाना क्षेत्र के अबेर-लखनवाह मार्ग की है। परिजनों के अनुसार, 14 वर्षीय बच्ची रविवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव

तलाश के दौरान अबेर बस स्टैंड से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बच्ची का अर्धनग्न शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही कोटर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।

फोरेंसिक टीम मौके पर, हर पहलू से जांच

शव की स्थिति को देखते हुए सतना से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है और वे मामले की निष्पक्ष व शीघ्र जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *