सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ चार युवतियों द्वारा मारपीट करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उस पर एक छात्र के साथ रिश्ता बनाने का दबाव बनाया जा रहा था। उसके इनकार करने पर उसे बहाने से सुनसान जगह ले जाकर पीटा गया और वीडियो कॉल के जरिए उसी छात्र से माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। मामला घटना के करीब 38 दिन बाद पुलिस तक पहुंचा है।
बाजार ले जाने के बहाने सुनसान जगह पहुंचाया
पीड़िता ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि एक छात्र उसे WhatsApp पर परेशान करता था। विरोध करने पर उसने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद उसी कॉलेज में पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा ने कथित तौर पर अपने दोस्त के साथ रिश्ता बनाने के लिए उस पर दबाव बनाया।
जब पीड़िता इसके लिए तैयार नहीं हुई तो आरोप है कि 6 अगस्त को उक्त छात्रा उसके पास पहुंची और काम के सिलसिले में बाजार चलने की बात कहकर उसे अपने स्कूटर पर बैठा लिया। कुछ देर इधर-उधर घुमाने के बाद रिश्तेदार के यहां ले जाने का बहाना बनाकर उसे नगर वन के सामने एक सुनसान जगह पर ले जाया गया।
तीन अन्य युवतियां पहले से मौजूद थीं
पीड़िता के मुताबिक, सुनसान जगह पर पहले से तीन अन्य युवतियां मौजूद थीं। आरोप है कि चारों ने अपना चेहरा ढंक रखा था। इनमें से एक के पास डंडा था।
पीड़िता का आरोप है कि चारों ने उस पर हमला कर दिया। एक युवती ने डंडे से उसके कान और आंख के आसपास वार किए, जबकि दो अन्य ने लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसे धमकाया गया कि वह किसी को कुछ न बताए।
वीडियो कॉल पर माफी मांगने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान उसे वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर किया गया और कथित तौर पर उसी छात्र से माफी मांगने को कहा गया, जिसके साथ रिश्ता बनाने का उस पर दबाव डाला जा रहा था।
आरोप है कि मारपीट का वीडियो भी एक युवती ने अपने मोबाइल से बनाया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने भी वायरल वीडियो के सामने आने की पुष्टि करते हुए उसका परीक्षण कराए जाने की बात कही है।
38 दिन तक सामने नहीं आया मामला
पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से पीड़ित बताई गई हैं, जबकि पिता उनके इलाज के सिलसिले में बाहर थे। छात्रा अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद भय और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उसने मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को नहीं दी।
बताया गया कि बाद में वीडियो पीड़िता के एक स्थानीय रिश्तेदार तक पहुंचा। उन्होंने छात्रा से पूछताछ की तो घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद 11 सितंबर को मामला कोलगवां थाने पहुंचा।
पीड़िता के पिता ने एक आरोपी युवती के पिता से फोन पर बात करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बातचीत के दौरान आरोपी पक्ष की ओर से भी कथित तौर पर धमकाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने दिए तत्काल FIR के निर्देश
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद विवेचक को पीड़िता के बयान दर्ज करने और सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
टीआई के मुताबिक, वायरल वीडियो का भी परीक्षण कराया गया है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।