कुएं में फेंककर युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

शराबखोरी के विवाद में मारपीट, गांव में तनाव से पुलिस बल तैनात

सतना। डिजिटल डेस्क

मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के बिगौड़ी गांव में शराबखोरी के दौरान हुए विवाद ने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया। 35 वर्षीय भइय्यन उर्फ भइयालाल कोल के साथ मारपीट करने के बाद आरोपियों ने उसे कुएं में धकेल दिया। घटना में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों अफसर खान, इस्माइल खान उर्फ पिंटू और अजमेर खान निवासी बंदरखा को गिरफ्तार किया है।

कुएं के पास बैठकर पी रहे थे शराब

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की रात करीब 9 बजे अफसर खान, इस्माइल खान, अजमेर खान, भइयालाल कोल और उसका चचेरा भाई मुकेश कोल बिगौड़ी में कुएं के पास बैठे थे। इसी दौरान शराब पीने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों और भइयालाल के बीच झूमाझटकी और मारपीट हुई। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने भइयालाल को कुएं में धकेल दिया और मौके से भाग निकले।

चचेरा भाई कुएं में उतरा, लेकिन नहीं बची जान

भइयालाल के कुएं में गिरते ही उसके चचेरे भाई मुकेश कोल ने मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद वह खुद कुएं में उतरा और भइयालाल को बाहर निकाला।

हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति बन गई। एसडीओपी ख्याति मिश्रा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

कई घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने शव को अमरपाटन मरचुरी भेजा। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने गुरुवार देर शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे घटना और विवाद के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गांव में पुराने विवाद और तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुराने विवाद और रंजिश का भी सामने आया कनेक्शन

बताया गया है कि बिगौड़ी और बंदरखा गांव के ग्रामीणों के बीच पिछले कई वर्षों से रंजिश चली आ रही है। हालांकि, इसके बावजूद दोनों गांवों के लोगों के बीच आवागमन और मेलजोल बना हुआ था।

पुलिस अब इस पुराने विवाद और बुधवार रात हुई घटना के बीच के संबंधों की भी जांच कर रही है।

आरोपी के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

घटना के बाद प्रशासन ने आरोपी इस्माइल खान के बिगौड़ी में सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया। बताया गया है कि इस्माइल और अफसर समेत कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर दुकान और मकान बना रखे थे।

स्थानीय स्तर पर इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आने की बात कही गई है।

बताया गया है कि पिछले साल भी बिगौड़ी में विवाद के बाद आक्रोशित भीड़ ने इस्माइल की दुकान में आग लगा दी थी। प्रशासन की जांच में निर्माण अवैध पाए जाने के बाद नोटिस जारी किया गया था।

हत्या की घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पोकलिन मशीन से संबंधित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अफसर खान के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तीन मामले पहले से दर्ज हैं। इस्माइल खान के खिलाफ भी पिछले साल आगजनी की घटना को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया था।

तीसरे आरोपी अजमेर खान का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। बताया गया है कि उसकी पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में अनूपपुर जिले में पदस्थ है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी परिस्थितियों और विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *