राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश के मैहर में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर रात कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर नारेबाजी की। पुलिस ने समझाइश के बाद भी प्रदर्शन समाप्त नहीं होने पर कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष सहित 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
धर्मेन्द्र प्रधान के खिलाफ हुई नारेबाजी
संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री आवास के पास धरना देने पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश के सतना और मैहर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई।
देर रात कलेक्ट्रेट पहुंचे युवक कांग्रेस कार्यकर्ता
मंगलवार देर रात मैहर जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संतोष उलाड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने की अपील की।
पुलिस ने 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
पुलिस के अनुसार समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सौरभ शर्मा समेत 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। यहां बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सभी को निजी जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं अन्य प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर से हटाया गया।
सतना और अमरपाटन में भी हुआ विरोध
मैहर के अलावा सतना जिले के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। अमरपाटन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में पुतला दहन किया। वहीं सतना शहर के सेमरिया चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।