70 साल पुराना स्कूल भवन जर्जर, ग्रामीण बोले- बच्चों को बैठाना मौत को बुलावा

सतना। डिजिटल डेस्क

ग्राम पंचायत रामपुर चौरासी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने स्कूल के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के साथ नए भवन के निर्माण की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय का भवन करीब 70 साल पुराना है और लंबे समय से इसकी हालत खराब बनी हुई है। हाल में हुई अतिवृष्टि के बाद भवन में जलभराव की स्थिति बनने से परेशानी और बढ़ गई है। उनका कहना है कि ऐसे जर्जर भवन में बच्चों को बैठाकर पढ़ाना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए वर्षों पहले गांव के कुछ लोगों ने अपनी निजी जमीन उपलब्ध कराई थी। अब भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर स्कूल की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

स्कूल में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में बालक-बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय, शुद्ध पेयजल, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और बेहतर रसोई जैसी जरूरी सुविधाओं का भी अभाव है। भवन की खराब स्थिति के कारण कई बच्चे निजी स्कूलों या सतना के सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए मजबूर हैं। इसका असर विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या पर भी पड़ा है।

नया भवन बनने से बढ़ सकती है विद्यार्थियों की संख्या

ग्रामीणों का दावा है कि यदि स्कूल का नया और सर्वसुविधायुक्त भवन बनाया जाता है तो विद्यार्थियों की संख्या एक हजार से अधिक हो सकती है। रामपुर चौरासी के अलावा सगमा, कुशियारा, भाद और चनपुरवा समेत आसपास की पंचायतों के बच्चे भी इस विद्यालय में पढ़ने आते हैं।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था और नए भवन के निर्माण की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 22 सितंबर को बच्चे और ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *