सतना। डिजिटल डेस्क
सिविल लाइन पुलिस ने वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग के दौरान कार सवार तीन लोगों को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा है। पकड़े गए लोगों में दो बालिग और एक नाबालिग बताया गया है। पुलिस ने बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कोठी तिराहे के पास पकड़ी कार
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात पेट्रोलिंग के दौरान काले रंग की कार में कुछ लोगों के अवैध हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कोठी तिराहे के पास घेराबंदी कर कार को रोका। कार में दो युवक और एक नाबालिग सवार मिले।
तलाशी में पिस्टल और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से मेड-इन-यूएसए ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने पिस्टल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है। पूछताछ के दौरान हथियार की खरीद से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद पुलिस सप्लायर तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
विदेशी हथियार की बरामदगी से सवाल
शहर में विदेशी हथियार की बरामदगी ने अवैध असलहों की पहुंच को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब हथियार के स्रोत और इसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने में लगी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।