रीवा। रीवा जिले के प्रसिद्ध चचाई जलप्रपात में एक 27 वर्षीय युवक के छलांग लगाने की आशंका के बाद पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। युवक ने घटना से पहले अपने पिता को फोन कर कहा था कि “यह मेरा आखिरी कॉल है।” इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो वहां केवल उसकी बाइक और चप्पल मिली, जबकि युवक का कोई पता नहीं चला।
पिता को किया आखिरी फोन, फिर बंद हो गया मोबाइल
सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुईंया निवासी पवन कुमार साकेत (27) ने शुक्रवार शाम अपने पिता श्यामलाल साकेत को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही। पिता उसे समझा पाते, इससे पहले ही कॉल कट गया। इसके बाद कई बार फोन लगाया गया, लेकिन मोबाइल रिसीव नहीं हुआ।
जलप्रपात पर मिली बाइक और चप्पल
चिंतित परिजन तुरंत चचाई जलप्रपात पहुंचे। वहां युवक की बाइक और चप्पल मिली, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अंधेरा होने से रुकी तलाश, सुबह शुरू हुआ रेस्क्यू
शुक्रवार रात अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और जलप्रपात के नीचे उतरकर तलाश शुरू की। दिनभर चले अभियान के बावजूद देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस बोली- तलाश जारी है
थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से लगातार सर्चिंग कर रही है। युवक के संबंध में हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है।