स्पा सेंटर की दो युवतियों में शराब पार्टी के दौरान विवाद, बीयर की बोतल से हमला; दोनों घायल

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक स्पा सेंटर में काम करने वाली दो युवतियों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। आरोप है कि एक युवती ने दूसरी के सिर पर बीयर की बोतल मार दी, जिससे वह घायल हो गई। झड़प में दूसरी युवती के हाथ में भी चोट आई। हालांकि दोनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया।

किराए के मकान में साथ रहती थीं दोनों युवतियां

जानकारी के अनुसार, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली दोनों युवतियां छिंदवाड़ा के देहात थाना क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर में काम करती थीं। वे परासिया रोड स्थित एक किराए के मकान में साथ रहती थीं।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात दोनों शराब पी रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक युवती ने दूसरी के सिर पर बीयर की बोतल फोड़ दी। जवाबी झड़प में दूसरी युवती के हाथ में भी चोट आई। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस बोली- शिकायत नहीं मिली

देहात थाना प्रभारी गोविंद राजपूत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवतियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया। ऐसे में पुलिस ने फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है।

10 दिन पहले बंद कराया गया था स्पा सेंटर

पुलिस के अनुसार, जिस स्पा सेंटर में दोनों युवतियां कार्यरत थीं, उसे प्रशासनिक आदेश के तहत करीब 10 दिन पहले बंद करा दिया गया था। घटना के अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: सतना के स्पा सेंटर में आधी रात हंगामा, युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर लगाए अभद्रता के आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *