मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में रविवार को अवैध रेत कारोबार को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) राहुल कावेरिया ने अधिकारियों के निर्देश पर अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर उसे थाने में खड़ा कराया था।बताया गया कि कार्रवाई के कुछ घंटे बाद जब आरआई राहुल कावेरिया अपने काम से लौट रहे थे, तभी रास्ते में कथित तौर पर रेत कारोबारी हिमांशु तांडेकर और उसके भाई हरीश तांडेकर ने उन्हें रोक लिया।
बीच सड़क थप्पड़ मारने और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा और नौकरी नहीं करने देने की धमकी दी। घटना उस समय हुई जब आसपास मौजूद कुछ लोगों ने भी पूरे घटनाक्रम को देखा।
पीड़ित अधिकारी की शिकायत के आधार पर जुन्नारदेव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्व कर्मचारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद तहसीलदार, पटवारी, कोटवार सहित बड़ी संख्या में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
आरोपियों का पलटवार, आरआई पर भी लगाए आरोप
दूसरी ओर, आरोपी भाइयों ने भी राजस्व निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि थाना परिसर पहुंचने के बाद आरआई राहुल कावेरिया ने उनके साथ मारपीट की।
आरोपियों ने इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। मामले की जांच एसआई मनोज चौधरी को सौंपी गई है।