पुलिस स्टिकर लगी कार से शराब तस्करी का खुलासा, 15 पेटी शराब जब्त; 2 आरोपी गिरफ्तार

सतना में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस स्टिकर लगी एक कार से 15 पेटी शराब बरामद की है। कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर बगहा बाईपास मोड़ पर की गई नाकाबंदी

सतना में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस स्टिकर लगी एक कार में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सतना सर्किल-1 और सर्किल-2 की संयुक्त टीम ने सतना-पन्ना हाईवे पर बगहा बाईपास मोड़ के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

कार की तलाशी में मिली 15 पेटी शराब

आबकारी टीम ने पुलिस स्टिकर लगी कार (MP 19 CB 4296) की तलाशी ली तो पीछे की सीट और डिक्की से 15 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके से कार में सवार सौरभ उर्फ धनराज गहरवार (30) निवासी भरहुत नगर और विशाल शुक्ला (30) निवासी सिद्धार्थ नगर, कोलगवां को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब ले जाने की बात स्वीकार की।

2.87 लाख की शराब और कार जब्त

सहायक आबकारी आयुक्त सुरेंद्र कुमार उरांव ने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 2.87 लाख रुपये मूल्य की शराब और उपयोग में लाई गई कार जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

कोर्ट से दोनों आरोपी भेजे गए जेल

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी निजी कार पर पुलिस का स्टिकर लगाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।

इस कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्य आरक्षक सरिता बिजोरिया, राजकरण त्रिपाठी, शंकर प्रजापति, आरक्षक आशुतोष तिवारी और सैनिक अनिल गौतम की अहम भूमिका रही।

आबकारी विभाग ने दी चेतावनी

आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस या अन्य सरकारी पहचान का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *