धार्मिक नगरी चित्रकूट में सोमवार तड़के चोरों ने आस्था के केंद्र को निशाना बना दिया। कामदगिरी परिक्रमा मार्ग स्थित बड़े हनुमान मंदिर में शटर और दान पेटी का ताला तोड़कर बदमाश हजारों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सुबह मंदिर पहुंचे महंत तो टूटा मिला शटर का ताला
सतना जिले के चित्रकूट स्थित कामदगिरी परिक्रमा मार्ग पर बने बड़े हनुमान मंदिर में सोमवार तड़के चोरी की वारदात हुई। मंदिर के महंत योगेंद्र दास उर्फ बड़े हनुमान ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे नियमित पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का पट बंद कर दिया गया था।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दान पेटी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी।
डेढ़ साल से नहीं खोली गई थी दान पेटी
महंत के अनुसार, दान पेटी करीब डेढ़ वर्ष से नहीं खोली गई थी। उसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई लगभग 70 हजार रुपये की राशि होने का अनुमान था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चोर करीब 60 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हुए हैं। पुलिस जांच के बाद ही चोरी गई राशि का सही आंकड़ा सामने आएगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
धार्मिक स्थल पर चोरी से श्रद्धालुओं में नाराजगी
कामदगिरी परिक्रमा मार्ग पर स्थित बड़े हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।