चित्रकूट में बीच सड़क हुक्का पार्टी और डांस का VIDEO वायरल, धर्मनगरी की गरिमा पर उठे सवाल

भगवान श्रीराम की तपोभूमि और पवित्र धार्मिक नगरी चित्रकूट में बीच सड़क कथित हुक्का पार्टी, शराबखोरी और तेज संगीत पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली नंबर की कार से पहुंचे युवक, बीच सड़क मचा हुड़दंग

सतना जिले के चित्रकूट में रविवार देर रात नगर परिषद कार्यालय के सामने कुछ युवक दिल्ली नंबर की कार से पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने सड़क पर हुक्का पीया और तेज आवाज में संगीत बजाकर डांस किया। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि मौके पर शराब का सेवन किया गया। हालांकि, शराब सेवन के दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

विरोध के बाद मौके से भागे युवक

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जब इस पर आपत्ति जताई तो युवकों और लोगों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद भीड़ बढ़ती देख सभी युवक कार में सवार होकर मौके से चले गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

धर्मनगरी की गरिमा से खिलवाड़ का आरोप

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोस्थली और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। प्रदेश सरकार ने भी इसे पवित्र नगर घोषित किया है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर कथित नशाखोरी और हुड़दंग धार्मिक वातावरण के विपरीत है और इससे नगर की छवि प्रभावित होती है।

वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने तथा निगरानी मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *