चित्रकूट गैंगरेप: मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के 10 घंटे भीतर दोनों फरार आरोपी भी गिरफ्तार

घटना के 5 दिन में पूरी गैंग सलाखों के पीछे

चित्रकूट गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के महज 10 घंटे के भीतर दो अन्य फरार आरोपियों को भी दबोच लिया। तीनों आरोपियों पर ₹50-50 हजार का इनाम घोषित था। अब पांच दिन के भीतर पूरे गैंग को गिरफ्तार कर पुलिस ने केस की अहम कड़ी पूरी कर ली है।

शिवरामपुर के मछरिहा तिराहे से दबोचे गए दोनों आरोपी

चित्रकूट के चर्चित गैंगरेप मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विवेक कुमार पटेल और प्रवीण पटेल को शिवरामपुर क्षेत्र के मछरिहा तिराहे के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके नाबालिग दोस्त के साथ मारपीट में शामिल होने की बात स्वीकार की। रविवार को दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मिली अहम जानकारी

चित्रकूट धाम के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना सामने आते ही पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मुख्य आरोपी जितेंद्र पटेल को मडफा पहाड़ के पास पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।

रातभर चली सर्चिंग, 10 घंटे में पूरी गैंग गिरफ्तार

मुख्य आरोपी से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मडफा पहाड़ और आसपास के इलाकों में रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद एसओजी और बहिलपुरवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों पर ₹50-50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

क्या है पूरा मामला

22 जुलाई को एक छात्रा अपने नाबालिग मित्र के साथ बाइक से चित्रकूट के देवांगना घाटी जंगल घूमने गई थी। आरोप है कि तीन युवकों ने उनका पीछा किया और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को रोका।

इसके बाद नाबालिग लड़के के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोप है कि तीनों आरोपी छात्रा को झाड़ियों में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पीड़ित किसी तरह मौके से निकले और राहगीरों की मदद से पुलिस तक सूचना पहुंचाई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

5 दिन में पुलिस ने पूरी की बड़ी कार्रवाई

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने लगातार तकनीकी और फील्ड इनपुट पर काम करते हुए पांच दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और साक्ष्य संकलन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *