इलाज कराने प्रयागराज गए रीवा के भाजपा नेता पर कथित तौर पर भीड़ ने हमला कर दिया। नेता का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार रोककर तोड़फोड़ की, सामान लूट लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर खींचने की कोशिश की।
इलाज के लिए गए थे प्रयागराज
रीवा जिले के चाकघाट क्षेत्र निवासी एवं भाजपा किसान मोर्चा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रशांत पाठक शनिवार को इलाज के सिलसिले में प्रयागराज गए थे। उनका कहना है कि डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद शाम करीब 5 बजे वे अपने साथियों के साथ कार से लौट रहे थे।
‘मारो-मारो, भाजपा वाले हैं’ कहकर किया हमला
प्रशांत पाठक के अनुसार, जैसे ही उनकी कार प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौराहे के पास पहुंची, अचानक भीड़ ने वाहन को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने “मारो-मारो, भाजपा वाले हैं, जिंदा न जाने पाएं” जैसे नारे लगाते हुए हमला कर दिया।
कार में तोड़फोड़, बैग और कंप्यूटर ले जाने का आरोप
भाजपा नेता का आरोप है कि हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन में रखा कंप्यूटर तथा बैग निकाल लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ उन्हें कार से बाहर खींचने की कोशिश कर रही थी।
चालक की सूझबूझ से बची जान
प्रशांत पाठक के मुताबिक, स्थिति बिगड़ती देख चालक ने तेजी से वाहन आगे बढ़ाया, जिससे वे और उनके साथ मौजूद अन्य लोग किसी तरह सुरक्षित निकलने में सफल रहे।
सिविल लाइंस थाने में शिकायत
घटना के बाद भाजपा नेता ने प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।