टी-स्टॉल संचालक पिता-पुत्र पर हमला: 6 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टा और 8 जिंदा कारतूस समेत बोलेरो जब्त

सतना। डिजिटल डेस्क

चित्रकूट थाना क्षेत्र में स्फटिकशिला के पास चाय-नाश्ते की दुकान के संचालक, उनके बेटे और कर्मचारी से मारपीट के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस, हॉकी-बेसबॉल बैट और बोलेरो वाहन जब्त किया गया है।

पुराने विवाद को लेकर टी-स्टॉल पर पहुंचे थे हमलावर

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की शाम करीब 7 बजे वार्ड क्रमांक-11 निवासी बृजनरेश सिंह परिहार (53) अपनी चाय-नाश्ते की दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा अंकित कुछ दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी में जुटा था।

इसी बीच गुड्डू यादव और शिवम पाल समेत करीब डेढ़ दर्जन लोग दो फोर व्हीलर वाहनों से वहां पहुंचे। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर हमलावरों ने अंकित और उसके दोस्त मनीष के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने आए पिता और कर्मचारी को भी पीटा

बेटे और उसके दोस्त के साथ मारपीट होते देख बृजनरेश सिंह और दयाराम सेन बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों के साथ भी मारपीट की।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आसपास के लोगों के मौके पर जुटने के बाद आरोपी वाहनों में बैठकर फरार हो गए। घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।

पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

बगदरा घाटी के जंगल में दबिश, 6 आरोपी पकड़े

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के बगदरा घाटी के जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में वरुण सेन (31), निवासी कैलहा, थाना बहिलपुरवा, हाल सती अनुसुइया; सुमित उर्फ मथुरिया पांडेय (18), निवासी लालापुर, हाल गुप्त गोदावरी; योगेंद्र (23), निवासी सिरसावन; देवांश उर्फ लल्ला (25), निवासी गुप्त गोदावरी; कार्तिक यादव (21), निवासी नादी, थाना पहाड़ी और शिवम पाल (19), निवासी कर्वी, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

पिस्टल, कट्टा और 8 जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी वरुण सेन के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और 6 जिंदा राउंड लगी मैगजीन बरामद की गई। वहीं सुमित उर्फ मथुरिया पांडेय के पास से 315 बोर का देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस मिले।

अन्य आरोपियों के कब्जे से हॉकी और बेसबॉल बैट बरामद किए गए। पुलिस ने एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।

इस तरह पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल और कट्टे के अलावा कुल 8 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

दो आरोपी जेल भेजे, चार की रिमांड मंजूर

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी कार्तिक यादव और शिवम पाल को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।

वहीं अन्य चार आरोपियों की पुलिस रिमांड मंजूर कराई गई है। पुलिस अब उनसे घटना में शामिल अन्य लोगों, हथियारों और हमले के पीछे के विवाद को लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *