दुबई में शुरू हुआ प्यार, 5 साल लिव-इन के बाद शादी… अब पति को खोजने सतना पहुंची पत्‍नी

सतना। डिजिटल डेस्क

दुबई में नौकरी करने वाली एक महिला अपने पति की तलाश में सतना पहुंची और महिला थाने में शिकायत देकर मदद की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसका पति 31 जुलाई को दुबई से भारत लौटने के बाद अचानक संपर्क से बाहर हो गया। जबलपुर में तलाश के बाद उसे पति के सतना में अपनी बहन के घर होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह यहां पहुंची।

नौकरी के दौरान बना प्रेम संबंध

शिकायतकर्ता अश्विंदर कौर के मुताबिक वह करीब 23 वर्षों से दुबई में रह रही हैं और वहां एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। पहले पति से तलाक के बाद नौकरी के दौरान उनकी मुलाकात सुनील ठाकुर से हुई। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।

महिला के अनुसार वर्ष 2020 से दोनों दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। इस रिश्ते की जानकारी सुनील के परिवार वालों को भी थी।

पांच साल साथ रहने के बाद गुरुद्वारे में शादी

अश्विंदर कौर के मुताबिक करीब पांच साल तक साथ रहने के बाद दोनों ने परिवारों की सहमति से 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में शादी की। शादी के बाद दोनों वापस दुबई चले गए और साथ रहने लगे।

महिला ने बताया कि वह अपने पति से करीब 12 साल बड़ी हैं और पहले उनका तलाक हो चुका है। उनका कहना है कि शादी से पहले ही सुनील और उसके परिवार को उनकी उम्र और पिछली शादी की जानकारी थी और उस समय परिवार की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई।

31 जुलाई को अचानक भारत लौट आया पति

शिकायत के मुताबिक 31 जुलाई को सुनील अचानक दुबई से भारत लौट आया। इसके बाद से महिला का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। फोन पर भी बातचीत नहीं हुई।

काफी समय तक इंतजार करने के बाद महिला ने खुद पति की तलाश शुरू की। वह पहले जबलपुर पहुंची, लेकिन वहां सुनील से मुलाकात नहीं हो सकी।

पति के सतना में होने की मिली जानकारी

महिला के अनुसार, जबलपुर में तलाश के दौरान उसे पता चला कि सुनील अपनी मां के साथ सतना में रहने वाली बहन के घर गया है। इसके बाद वह भी सतना पहुंची और पति की तलाश शुरू की।

महिला ने शिकायत में ससुराल पक्ष पर पति को जानबूझकर छिपाने और उससे मुलाकात नहीं कराने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में ससुराल पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।

कानूनी कार्रवाई की बजाय पति को तलाशने की मांग

अश्विंदर कौर ने महिला थाने में दी शिकायत में फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है। उन्होंने पुलिस से अपने पति को तलाशने और उससे मिलवाने में सहयोग करने की गुहार लगाई है।

पुलिस ने मदद का भरोसा दिलाया

मामले में हेडक्वार्टर डीएसपी मनोज दीक्षित ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में उसने पति को तलाशने में पुलिस से सहयोग मांगा है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पुलिस की ओर से जो भी मदद संभव होगी, वह की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक फिलहाल यह पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला है और इस संबंध में अभी कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *