दुबई। डिजिटल डेस्क
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 68 और स्मृति मंधाना ने 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से श्री चरणी ने चार विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने मुकाबला 72 रन से जीतकर 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का भी हिसाब चुकता कर लिया।
ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर विवाद
खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन समारोह चर्चा में आ गया। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी समारोह में मौजूद थे, लेकिन भारतीय टीम ने उनके हाथों ट्रॉफी लेने से परहेज किया और प्रेजेंटेशन स्टेज पर नहीं पहुंची। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने बाद में कहा कि यह रुख BCCI का फैसला था और टीम उसके साथ एकजुट है।