ATM में कार्ड फंसाकर 5.10 लाख की ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, बिहार-झारखंड के 5 आरोपी गिरफ्तार

रीवा। डिजिटल डेस्क

रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में ATM कार्ड फंसाकर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने वाले कथित साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने बिहार और झारखंड के रहने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4 लाख रुपये सहित लैपटॉप, मोबाइल फोन, POS मशीन और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं।

ATM में कार्ड फंसने के बाद निकाले 5.10 लाख

एडिशनल एसपी शहर भावना मरावी के मुताबिक, 25 अगस्त को राघव रामनगर निवासी मुकेश मिश्रा ने बिछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी कल्पना त्रिपाठी टीआरएस कॉलेज में शिक्षिका हैं।

24 अगस्त को मुकेश मिश्रा अपनी पत्नी का ATM कार्ड लेकर पेट्रोल पंप स्थित ATM से रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने मशीन में कार्ड डालकर PIN दर्ज किया। इसके बाद स्क्रीन पर कैश डिस्पेंस से संबंधित संदेश आया, लेकिन ATM कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया।

इसी दौरान ATM के अंदर और बाहर मौजूद लोगों में से एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि कार्ड फंस गया है और इसकी जानकारी बैंक की मुख्य शाखा या ATM गार्ड को दे दें। ATM के पास गार्ड नहीं होने के कारण वह कुछ देर के लिए अपना मोबाइल लेने कमरे की ओर चले गए। इसी बीच उनकी पत्नी के बैंक खाते से 5 लाख 10 हजार रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी होने की जानकारी सामने आई।

बैंक डिटेल और मोबाइल लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए सीएसपी कोतवाली राजीव पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, साइबर सेल की तकनीकी जानकारी और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने बिहार और झारखंड तक आरोपियों की कड़ियां जोड़ीं और पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार गुप्ता (49), निवासी जनकपुर, थाना मुफस्सिल, गया, बिहार; इमरान अंसारी (31), निवासी चौकरोड सराय, थाना कोतवाली, गया, बिहार; कार्यानंद सरस्वती (42), निवासी बाभंडी, थाना वजीरगंज, गया, बिहार; मोहम्मद फैज अंसारी (19), निवासी गुमो, थाना तलैया, कोडरमा, झारखंड; और अभिमन्यु कुमार वर्मा (21), निवासी गुमो बड़ी गली, थाना तलैया, कोडरमा, झारखंड शामिल हैं।

4 लाख रुपये समेत उपकरण जब्त

थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, POS मशीन, तीन सिम और 30 स्कैनर भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *