छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला चौकी क्षेत्र स्थित कुकड़ीखापा वॉटरफॉल पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 21 वर्षीय युवक की सेल्फी लेते समय पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। शनिवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला।
छुट्टियां बिताने घर आया था युवक
उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू के अनुसार, चांद क्षेत्र के ग्राम भाजीपानी निवासी राहुल बरकड़े (21) बेंगलुरु में मजदूरी करता था। वह छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। शुक्रवार को राहुल अपने तीन दोस्तों के साथ कुकड़ीखापा वॉटरफॉल घूमने पहुंचा था।
सेल्फी लेते समय बिगड़ा संतुलन
बताया गया कि राहुल वॉटरफॉल के किनारे सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान फिसलन के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद उसके दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अगले दिन चला रेस्क्यू अभियान
घटना शाम के समय हुई थी, इसलिए अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शनिवार सुबह एसडीईआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और युवक का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश में वॉटरफॉल पर बरतें अतिरिक्त सावधानी
बारिश के मौसम में कुकड़ीखापा सहित जिले के कई वॉटरफॉल पर बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। लगातार बारिश के कारण चट्टानों पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। प्रशासन और विशेषज्ञों की सलाह है कि पर्यटक सुरक्षा बैरिकेड से आगे न जाएं, खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से बचें और सतर्कता बरतें।