मैहर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, 12 घायल; तीन रीवा रेफर

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में माता शारदा के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा रेफर किया गया।

दुबेही मोड़ पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, रीवा जिले के रतहरा गांव से 30 से अधिक श्रद्धालु मंगलवार सुबह पिकअप वाहन से मैहर में माता शारदा के दर्शन के लिए आए थे। दर्शन-पूजन और बाजार में खरीदारी के बाद सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नादन-देहात थाना क्षेत्र के दुबेही मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। वाहन सड़क से उतरकर पलट गया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

पिकअप पलटते ही उसमें सवार कई श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए, जबकि कुछ दूर जाकर गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही नादन-देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस और पुलिस वाहनों से सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया।

तीन गंभीर घायलों को रीवा रेफर

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया। घायलों में पूनम कोल, रोशनलाल कोल, वर्षा कोल, विशाल कोल, सरस्वती कोल (रतहरा), खुशबू कोल (सीधी), भोला कोल (कस्तरी, रीवा) और जान्हवी (पदमी, मैहर) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है। वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *