मोहन यादव का राहुल गांधी पर तंज, बोले- ‘समुद्र बीच में नहीं आता तो अरब देशों से चुनाव लड़ता गांधी परिवार’

आगर मालवा। डिजिटल डेस्क

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। रविवार को आगर मालवा में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिवार के चुनावी क्षेत्रों को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अगर बीच में समुद्र नहीं आता तो नेहरू-गांधी परिवार अरब देशों या किसी दूसरे स्थान से चुनाव लड़ने पहुंच जाता।

राहुल गांधी की चुनावी सीटों पर साधा निशाना

मोहन यादव ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि नेहरू-गांधी परिवार के नेताओं ने दिल्ली से चुनाव नहीं लड़ा, क्योंकि वहां के लोग उन्हें जानते थे। उन्होंने कहा कि परिवार के नेताओं ने रायबरेली और अमेठी जैसी सीटों को चुना।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिवार अब उत्तर प्रदेश से आगे बढ़कर दक्षिण भारत तक चुनाव लड़ने पहुंच गया है। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि “समुद्र बीच में नहीं आता तो ये अरब देशों या किसी और जगह पहुंच जाते।”

कांग्रेस ने भी किया पलटवार

मोहन यादव के बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने मुख्यमंत्री के राहुल गांधी को लेकर किए गए तंज पर पलटवार करते हुए कहा कि जिसे पहले ‘पप्पू’ कहा जाता था, वही अब भाजपा के लिए ‘पापा’ बन गया है। उन्होंने भाजपा पर राहुल गांधी को लेकर लगातार बयानबाजी करने का आरोप लगाया।

शर्मा ने गांधी परिवार के चुनावी इतिहास और रायबरेली के राजनीतिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को आजादी की लड़ाई और रायबरेली के इतिहास की जानकारी होनी चाहिए।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी माहौल गरम

मोहन यादव की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राहुल यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। इसे लेकर मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी चल रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर न्यायपालिका और सशस्त्र बलों पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *