सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि पड़ोसी रामजस चौधरी (55 वर्ष) बच्ची को कुरकुरे दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया, जहां उसके साथ कथित दुष्कर्म किया।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना की शिकायत बच्ची की मां ने 1 अगस्त की रात करीब 1:35 बजे नागौद थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 3 और 4(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
बच्ची का मेडिकल कराया गया
पुलिस ने पीड़ित बच्ची को परिजनों के साथ बाल कल्याण समिति (CWC) भेजा, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी से पूछताछ जारी
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।