सतना। 6 करोड़ रुपये की लॉटरी का झांसा देकर 39.24 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पंजाब पुलिस की जांच मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है। आरोपी की तलाश में गुरदासपुर साइबर क्राइम थाने की टीम शनिवार को सतना पहुंची, लेकिन शुरुआती जांच में मिला पता गलत निकला।
आरोपी की तलाश में सतना पहुंची पंजाब पुलिस
पंजाब के गुरदासपुर साइबर क्राइम थाने की टीम शनिवार को 39 लाख 24 हजार 900 रुपये की साइबर ठगी के आरोपी की तलाश में सतना पहुंची। पुलिस ने कोलगवां थाना क्षेत्र के भरहुत नगर स्थित एक पते पर दबिश दी, लेकिन वहां आरोपी नहीं मिला।
जांच के दौरान पता चला कि उस मकान में आबकारी विभाग का एक कर्मचारी निवास करता है और आरोपी से उसका कोई संबंध नहीं है। इसके बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल की गई।
भरहुत नगर का पता गलत निकला
सतना पुलिस की मदद से जांच में आरोपी का नया संभावित पता मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव का सामने आया। इसके बाद पंजाब पुलिस की टीम वहां रवाना होने की तैयारी में जुट गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।
6 करोड़ की लॉटरी का झांसा देकर ठगे 39.24 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, गुरदासपुर जिले के थाना भैणी मियां खां क्षेत्र के राजू बेला गांव निवासी 37 वर्षीय कंवलप्रीत कौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने उसे ‘वैसाखी बंपर-2025’ में 6 करोड़ रुपये की लॉटरी निकलने का झांसा दिया।
आरोपी ने रजिस्ट्रेशन, टैक्स और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अप्रैल 2025 के दौरान अलग-अलग किश्तों में कुल 39 लाख 24 हजार 900 रुपये अपने खातों में जमा करा लिए। रकम लेने के बाद भी लॉटरी की राशि नहीं मिली, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत मिलने के बाद गुरदासपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लंबे समय तक आरोपी का सुराग नहीं मिलने के बाद तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश पहुंची है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।