मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम सिंह वयाम के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी भाभी कृष्णा बाई मरावी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
पत्थर पर सिर पटकने और डंडे से हमला करने का आरोप
स्थानीय लोगों के मुताबिक राम सिंह वयाम अक्सर शराब के नशे में घर के बाहर बैठकर गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर कृष्णा बाई मरावी ने पहले राम सिंह का सिर पास पड़े पत्थर पर पटक दिया, फिर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राम सिंह को डायल-112 की मदद से नैनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।