मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर में पदस्थ SDM रामनिवास चौधरी पर प्रशासनिक अधिकारों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगा है। मामला फ्लिपकार्ट से मंगाए गए करीब 120 के मोबाइल कवर की डिलीवरी से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, SDM ने दो मोबाइल कवर ऑर्डर किए थे, लेकिन पार्सल में कथित तौर पर एक ही कवर निकला। इसी बात को लेकर डिलीवरी बॉय विजय कुशवाह और SDM के बीच विवाद हो गया।
डिलीवरी बॉय का दावा- कंपनी की गलती की सजा मिली
डिलीवरी बॉय विजय कुशवाह का आरोप है कि उसने पैकेट में सामान कम होने को कंपनी की पैकिंग या लॉजिस्टिक त्रुटि बताया और नियमानुसार रिटर्न कराने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और विजय कुशवाह को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए पवई उप-जेल भेज दिया गया। घटना के बाद डिलीवरी बॉय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस का क्या कहना है
शाहनगर थाना प्रभारी का कहना है कि SDM की ओर से शिकायत मिली थी कि डिलीवरी बॉय ने उनके साथ अभद्रता की। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारों के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई है। कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी उच्चस्तरीय जांच या SDM के खिलाफ आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।