मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) मंत्री सम्पतिया उईके का अलग अंदाज रविवार को मंडला जिले में देखने को मिला। उन्होंने अपने गृह ग्राम टिकरवारा पहुंचकर किसानों और महिला श्रमिकों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की।
टिकरवारा में किसानों के बीच पहुंचीं मंत्री
मंडला जिले के ग्राम पंचायत टिकरवारा में मंत्री सम्पतिया उईके ने खेत में उतरकर किसानों और महिला श्रमिकों के साथ पारंपरिक तरीके से धान की रोपाई की। इस दौरान उन्होंने किसानों से खेती-किसानी और खरीफ सीजन की तैयारियों पर भी चर्चा की। खेत में श्रमिकों के साथ काम करते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने।
‘किसानों का परिश्रम ही देश की समृद्धि की नींव’
मंत्री उईके ने कहा कि किसानों का अथक परिश्रम ही प्रदेश और देश की समृद्धि की आधारशिला है। खेत की मिट्टी से जुड़कर काम करने का अनुभव आत्मीयता और गर्व का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के श्रम से ही हर घर तक अन्न पहुंचता है और सभी किसानों के लिए यह खरीफ सीजन सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, यही उनकी कामना है।
खरीफ सीजन में तेज हुई धान रोपाई
मध्य प्रदेश के महाकौशल और मंडला सहित कई जिलों में मानसून सक्रिय होने के बाद धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। पर्याप्त वर्षा मिलने से किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई और रोपाई में तेजी लाई है। ऐसे समय में मंत्री का किसानों के बीच पहुंचकर श्रमदान करना चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
धान रोपाई के दौरान मंत्री सम्पतिया उईके का सादगीपूर्ण अंदाज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों और किसानों ने उनके इस कदम की सराहना करते हुए इसे किसानों के प्रति सम्मान का संदेश बताया।