रीवा शहर में बुधवार रात कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अमित कोल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पड़रा मोहल्ले में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से हमलावरों की दो बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार बदमाशों ने किया ताबड़तोड़ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति विहार कॉलोनी निवासी अमित कोल पर रात करीब 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने अमित कोल पर चाकू से कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोगों ने पकड़ने की कोशिश की
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी अपनी दो मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पैदल फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और बाइक के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों द्वारा छोड़ी गई दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अब वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
मृतक के पिता हैं थाना प्रभारी
जानकारी के अनुसार, मृतक अमित कोल के पिता प्रकाश चंद्र कोल मध्य प्रदेश पुलिस में निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वे इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले हैं और घटना के समय पारिवारिक कारणों से बाहर गए हुए थे। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल आपसी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना जारी है।