रीवा के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाब नगर में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 51 वर्षीय विनीत कुमार मिश्रा ने कथित तौर पर अपनी कनपटी पर पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर में अकेले थे, तभी उठाया आत्मघाती कदम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल और एक सुसाइड नोट बरामद किया है।
सुसाइड नोट की जांच में जुटी पुलिस
समान थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य भौतिक साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।
बीमारी और पारिवारिक तनाव की भी हो रही जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक अपने मकान से मिलने वाले किराए से परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। स्थानीय स्तर पर बीमारी और उससे जुड़े मानसिक तनाव या पारिवारिक परिस्थितियों की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।