रीवा में जज के सरकारी आवास में घुसने की कोशिश, CCTV में दिखे हथियारबंद संदिग्ध

रीवा के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक न्यायिक अधिकारी के सरकारी आवास की सुरक्षा में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। आवास की पीछे की तार फेंसिंग काटकर कुछ संदिग्ध लोगों के परिसर में घुसने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात की है। सिविल लाइन कॉलोनी स्थित एक न्यायिक अधिकारी के शासकीय आवास के पीछे लगी तार फेंसिंग कटी हुई मिली। शिकायत में आशंका जताई गई है कि कुछ अज्ञात व्यक्ति हथियारों के साथ परिसर में घुसने या किसी अपराध को अंजाम देने की नीयत से वहां पहुंचे थे।

CCTV फुटेज से सामने आई संदिग्ध गतिविधि

घटना का पता आवास परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद चला। फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि संदिग्धों की संख्या कितनी थी और वे परिसर के भीतर कितनी दूर तक पहुंचे थे।

अमहिया थाने में मामला दर्ज

थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद अमहिया थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच कर रही है। शिकायत न्यायिक अधिकारी के आवास पर तैनात भृत्य (कर्मचारी) की ओर से दर्ज कराई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की भी होगी समीक्षा

प्रारंभिक जांच के साथ पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। न्यायिक अधिकारियों के सरकारी आवास से जुड़ा मामला होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा सकती है। मध्य प्रदेश में न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा और सरकारी आवासों की व्यवस्था को लेकर हाल के महीनों में भी चर्चा होती रही है।

पुलिस का फोकस संदिग्धों की पहचान पर

फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि संदिग्धों का उद्देश्य चोरी था, किसी अन्य अपराध की तैयारी थी या फिर किसी प्रकार की रेकी की जा रही थी। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *