सतना और मैहर जिले में मेडिकल नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट की तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों से पूछताछ में सप्लायर और खरीदारों के बारे में भी अहम जानकारी मिली है। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मेडिकल नशे के कारोबार का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि 28 जुलाई की शाम नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-7 में दबिश देकर संजय उर्फ राजा सोनी (20) को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से करीब 45 शीशी नशीला सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपने बड़े भाई पवन उर्फ ललुवा सोनी (35) के साथ मिलकर अवैध रूप से नशीले सिरप की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की। कार्रवाई की भनक लगते ही पवन फरार हो गया था।
मुखबिर की सूचना पर दूसरे भाई को भी दबोचा
पुलिस टीम ने बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर गिधैली गांव स्थित देवराजनगर स्टेडियम के पास दबिश देकर फरार आरोपी पवन सोनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 19 शीशी नशीला सिरप बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मेडिकल नशे के सप्लायर और खरीदारों के बारे में भी जानकारी दी है। इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों भाइयों को बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
कोलगवां में 125 नशीली गोलियों के साथ आरोपी गिरफ्तार
इधर सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में पुलिस ने हवाई पट्टी मार्ग स्थित मैत्री पार्क के सामने कार्रवाई करते हुए लवकुश बंशकार (32) को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 125 नशीली टैबलेट बरामद हुई हैं। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मेडिकल नशे के सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।