4 साल की मासूम को सोते समय सांप ने डसा, कान से खून आने के बाद मौत

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर में सो रही 4 वर्षीय बच्ची को जहरीले सांप ने डस लिया। सुबह कान से खून निकलने पर परिजन कुछ समझ नहीं पाए और अस्पताल ले जाने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। उमरिया जिले के थाना इंदवार अंतर्गत अमरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम चिल्हारी में यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह सामने आया। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी संजय चौधरी की 4 वर्षीय पुत्री प्रीति उर्फ सारिका शुक्रवार रात घर में जमीन पर सो रही थी।

सुबह कान से निकल रहा था खून

शनिवार सुबह बच्ची उठी तो उसके कान से खून निकल रहा था। बच्ची के रोने पर परिजनों ने पहले इसे सामान्य चोट समझा और उसे शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने बच्ची को बहलाने के लिए कुरकुरे भी दिए, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।

घर में दिखा जहरीला सांप, तब हुआ हादसे का अहसास

जब परिजन बच्ची को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर घर के अंदर छिपे एक जहरीले सांप पर पड़ी। सांप को देखकर उन्हें अंदाजा हुआ कि बच्ची को उसी ने डसा है। परिजन तुरंत अस्पताल के लिए रवाना होने लगे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उपचार से पहले ही बच्ची ने घर पर दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों में घुस आते हैं। ऐसे में फर्श पर सोने से बचने, घर के आसपास साफ-सफाई रखने और सांप दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *