कलेक्टर कार्यालय में बिना हेलमेट पहुंचे 16 कर्मचारी, मौके पर कटे चालान

सतना में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत प्रशासन ने ऐसा संदेश दिया, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। नियम तोड़ने वालों में आम नागरिक ही नहीं, बल्कि कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारी भी शामिल मिले। बिना हेलमेट कार्यालय पहुंचे 16 लोकसेवकों के चालान काटे गए और उन्हें हेलमेट भी दिए गए।

कलेक्ट्रेट गेट पर चला विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान

गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे कलेक्टर कार्यालय के गेट क्रमांक-1 पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विशेष जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया और यातायात प्रभारी पूनम रावत के नेतृत्व में बिना हेलमेट कार्यालय आने वाले कर्मचारियों की जांच की गई। करीब 30 मिनट तक चले अभियान में कलेक्टर कार्यालय के 16 लोकसेवक बिना हेलमेट पहुंचे, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 300-300 रुपये का चालान किया गया।

इन कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई

कार्रवाई की जद में आने वालों में कलेक्टर नाजिर मानेंद्र सिंह, एडीएम रीडर संजय जैन, सामान्य प्रशासन शाखा के दयाराम, वित्त शाखा के प्रभारी अनिल रजक सहित कुल 16 कर्मचारी शामिल रहे। हालांकि, अधिकांश कर्मचारी अभियान शुरू होने से पहले या कलेक्ट्रेट के अन्य गेटों से कार्यालय पहुंच चुके थे।

हेलमेट पहनकर आने वालों का किया सम्मान

अभियान के दौरान प्रशासन ने सकारात्मक पहल भी की। जो कर्मचारी हेलमेट लगाकर कार्यालय पहुंचे, उनका फूलों की माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया। अधिकारियों ने इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास बताया।

51 कर्मचारियों को बांटे गए हेलमेट

जांच अभियान के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में नगर निगम के 20 सफाई कर्मियों, एमपीईबी के 15 कर्मचारियों और कलेक्ट्रेट के 16 कर्मचारियों सहित कुल 51 कर्मचारियों को हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियम सभी के लिए समान हैं। चाहे आम नागरिक हों या सरकारी कर्मचारी, नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। इस अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *