सतना। डिजिटल डेस्क
सतना के कबाड़ी टोला में अवैध शराब की फुटकर बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई में चौंकाने वाला तरीका सामने आया है। पुलिस और आबकारी अमले की दबिश से बचने के लिए शराब के धंधे से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर मोहल्ले के प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। इनकी लाइव फीड घर में लगी टीवी स्क्रीन पर देखी जाती थी। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 15 हजार रुपए से अधिक कीमत की शराब जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने मारा छापा
सहायक आयुक्त एसके उरांव के अनुसार सोमवार दोपहर मुखबिर से अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद सतना सर्किल क्रमांक-1 के प्रभारी आशीष वाटिया ने टीम के साथ कबाड़ी टोला में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान राजेश उर्फ नंगा लोधी, उम्र 24 वर्ष को पकड़ा गया। उसके कब्जे से अंग्रेजी और देशी शराब के कुल 113 पाव बरामद किए गए। जब्त शराब की कीमत 15 हजार 123 रुपए बताई गई है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ले के रास्तों पर लगाए थे CCTV कैमरे
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को पता चला कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों ने अपनी गतिविधियों को पुलिस और आबकारी विभाग की नजर से बचाने के लिए अलग तरह की व्यवस्था कर रखी थी।
विभाग के अनुसार, मोहल्ले में आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों की लाइव फीड राजेश लोधी के घर में लगी टीवी स्क्रीन पर देखी जाती थी।
बताया गया कि पुलिस या आबकारी अमले की गतिविधि नजर आते ही शराब को छिपाकर आरोपी और उसके साथी मौके से हट जाते थे। इस तरह कथित तौर पर वे कई बार कार्रवाई से बचने में सफल हो जाते थे।
कैमरे और DVR जब्त, तकनीकी जांच शुरू
आबकारी टीम ने कार्रवाई के दौरान सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को भी जब्त किया है। अब विभाग इन उपकरणों की तकनीकी जांच कर रहा है।
जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैमरे कहां-कहां लगाए गए थे, उनकी रिकॉर्डिंग में क्या जानकारी है और इस पूरे नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं।
पूछताछ में सामने आए सहयोगियों के नाम
आबकारी विभाग के मुताबिक आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध शराब के कारोबार में उसके सहयोगियों और कथित सरपरस्तों के संबंध में भी जानकारी मिली है। विभाग इन जानकारियों की तस्दीक कर रहा है और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी और डीवीआर की जांच के बाद मामले में और भी जानकारी सामने आ सकती है।