सिवनी। डिजिटल डेस्क
दलसागर तालाब की चौपाटी के सामने सोमवार दोपहर गणेश प्रतिमा ले जा रहे युवकों और नंदन ट्रेवल्स की बस के चालक के बीच विवाद हो गया। युवकों ने बस को रोककर चालक को जबरन नीचे उतारा और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कोतवाली पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर के आगे नाच रहे थे युवक, अचानक लगा ब्रेक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गणेश प्रतिमा लेकर ट्रैक्टर जा रहा था और कुछ युवक उसके आगे नृत्य करते हुए चल रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक लगने से गणेश प्रतिमा हिल गई।
इसी समय बगल से नंदन ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 22 जेडसी 0727 गुजर रही थी। युवकों को लगा कि बस ने ट्रैक्टर को टक्कर मारी है। इसी बात को लेकर वे आक्रोशित हो गए और दलसागर तालाब की चौपाटी के पास बस को रोक लिया।
चालक को जबरन नीचे उतारा, डिवाइडर पर की मारपीट
बस रुकवाने के बाद युवकों ने चालक को जबरन नीचे उतार लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया गया और कुछ युवक भी डिवाइडर पर पहुंचकर उसके साथ मारपीट करते रहे।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मारपीट का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जो घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
यातायात पुलिसकर्मी ने संभालने की कोशिश की
विवाद की जानकारी मिलने पर मौके पर यातायात पुलिस का एक कर्मचारी भी पहुंचा और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन कुछ ही देर में वहां भीड़ बढ़ती गई और सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी।
घटना की जानकारी एसपी कृष्ण लालचंदानी को मिलने पर उन्होंने पुलिस बल को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
बस तिरछी खड़ी होने से दोनों तरफ लगा जाम
चालक को नीचे उतारने के दौरान बस सड़क पर तिरछी खड़ी हो गई। इसके कारण वाहनों की आवाजाही रुक गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बस स्टैंड से कचहरी चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों ने जाम से निकलने के लिए रॉन्ग साइड का सहारा लिया। इससे सड़क के दूसरी ओर भी यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। जाम में कई बसें और अन्य वाहन फंसे रहे।
करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस बल के पहुंचने के बाद सड़क पर खड़ी बस को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद बस चालक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।