PTM में गए दंपती, पीछे से घर में घुसे चोर; जेवर और नकदी ले उड़े

सतना शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इस बार बदमाशों ने रेलवे कॉलोनी में रेलवे के सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के घर को निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बेटे की पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) में शामिल होने गए दंपती को अंदाजा भी नहीं था कि उनकी गैरमौजूदगी में चोर घर को निशाना बना लेंगे। करीब तीन घंटे में बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुसे और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए।

तीन घंटे में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार रेलवे के सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मर्दन सिंह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पत्नी आरती सिंह के साथ बेटे की पैरंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) में शामिल होने के लिए विराट नगर स्थित स्कूल गए थे। इस दौरान उनका रेलवे कॉलोनी स्थित डी ब्लॉक के 20सी क्वार्टर में ताला लगा हुआ था।

इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाश घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी का लॉक खोलकर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

घर लौटने पर खुला चोरी का राज

दोपहर करीब 3 बजे जब मर्दन सिंह परिवार के साथ घर लौटे तो सामान बिखरा मिला। अलमारी खुली देख चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल जीआरपी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

जीआरपी ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से रेलवे कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि और दिन दोनों समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *