पोला की खुशियां मातम में बदलीं, बैलों को नहलाने खदान में उतरे युवक की डूबने से मौत

सौंसर/छिंदवाड़ा। डिजिटल डेस्क

पोला पर्व की तैयारियों के बीच छिंदवाड़ा जिले के लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम गोवारीवाढोना में 25 वर्षीय युवक बैलों को नहलाने के लिए गांव के पास बंद खदान में जमा पानी में उतरा था। गहराई में फंसने के बाद वह डूब गया। SDRF की टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला।

बैलों को नहलाने खदान में उतरा था युवक

लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले के अनुसार, गोवारीवाढोना निवासी ज्ञानेश्वर बागडे (25) गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पोला पर्व की तैयारी के तहत बैलों को नहलाने गांव के पास स्थित खदान में जमा पानी में उतरा था।

बताया गया कि पानी की गहराई में जाने के बाद वह फंस गया और मदद के लिए शोर मचाया। ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, वह पानी में डूब चुका था।

पांच घंटे की मशक्कत के बाद निकला शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची। खदान में पानी अधिक होने और गहराई के कारण रेस्क्यू में मुश्किलें आईं। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को खदान से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले को जांच में रखा गया है।

बंद खदानों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों में बंद खदानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी जगहों पर पानी भरने के बाद भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।

पोला पर्व के दिन परिवार के युवक की मौत से घर में खुशियों की जगह मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंद खदानों और ऐसे जलभराव वाले खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *