मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से मंडला जा रही यात्री बस सवारी बैठाने के लिए रुकी ही थी कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
सवारी बैठाने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, भोपाल से मंडला जा रही न्यू स्टार ट्रेवल्स की बस रविवार सुबह लखनादौन थाना क्षेत्र के सिरमंगनी गांव के पास सवारी बैठाने के लिए रुकी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
एक यात्री की मौत, 15 घायल
लखनादौन थाना प्रभारी केपी धुर्वे ने बताया कि हादसे में नागदहार गांव निवासी 35 वर्षीय रघुवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल लखनादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-44 पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और बस के अचानक रुकने को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।