पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। इको-सेंसिटिव ज़ोन (ESZ) में वरिष्ठ IRS अधिकारी और उनकी पत्नी द्वारा बनाए गए आलीशान होमस्टे को वन विभाग की जांच में अवैध पाया गया है। रिपोर्ट में वन भूमि पर निर्माण और बिना अनुमति कई सुविधाएं विकसित किए जाने की बात कही गई है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के इको-सेंसिटिव ज़ोन में मिला अवैध निर्माण
वन विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार वरिष्ठ IRS अधिकारी बी. श्रीनिवास कुमार और उनकी पत्नी द्वारा वर्ष 2018 से 2022 के बीच खरीदी गई करीब 4.9 एकड़ भूमि का बड़ा हिस्सा राजस्व रिकॉर्ड में वन भूमि के रूप में दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्य के लिए वन विभाग से अनिवार्य अनुमति या स्वीकृति नहीं ली गई थी।
निरीक्षण में मिलीं कई आलीशान सुविधाएं
वन विभाग की टीम ने स्थल निरीक्षण के दौरान परिसर में छह कॉटेज, स्विमिंग पूल, किचन-डाइनिंग हॉल, जिम, जल शोधन संयंत्र, पार्किंग शेड और कर्मचारियों के लिए दो मंजिला भवन पाया। इसके अलावा दो सफारी वाहन, ट्रैक्टर, नाव और निर्धारित मानकों से अलग स्थापित एक बड़ी आरा मशीन भी मिली, जिसे वन विभाग ने जब्त कर लिया है।
अधिकारी दंपति ने क्या कहा
मामले में अधिकारी दंपति का कहना है कि यह व्यावसायिक रिसॉर्ट नहीं बल्कि उनका निजी आवास है। उनका दावा है कि भूमि का आवश्यक राजस्व परिवर्तन कराया गया है और यदि भविष्य में होमस्टे संचालित किया जाएगा तो संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त की जाएगी। हालांकि वन विभाग की जांच रिपोर्ट में निर्माण को नियमों के अनुरूप नहीं माना गया है
आगे क्या होगा
वन विभाग की रिपोर्ट संबंधित सक्षम अधिकारियों को भेज दी गई है। अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में सभी निष्कर्ष बरकरार रहते हैं तो संबंधित निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई संभव है।