मध्य प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र स्थित भेलकी गांव में पांच दिन की नवजात बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पानी से भरे ड्रम में मिले नवजात के शव की जांच के बाद पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
ड्रम में मिला था नवजात का शव
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पानी से भरे नीले ड्रम में नवजात का शव मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की, जिसमें बच्ची की मां पर संदेह गहराया।
पूछताछ में मां पर लगा हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने 30 जुलाई को घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे ड्रम में बच्ची को डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि महिला पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करती रही। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहले से एक बेटी है। पूछताछ में उसने कथित रूप से बताया कि दूसरी बेटी होने और उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर वह मानसिक दबाव में थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
हत्या का मामला दर्ज
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण और पूछताछ के बाद आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।